भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद राजनीति में कदम रख सकते हैं। ऐसी खबरें हैं कि धोनी पीएम नरेंद्र मोदी की टीम का हिस्सा बन सकते हैं। वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद यह अटकलें तेज हो गईं हैं कि शायद धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय पासवान ने कहा कि धोनी बीजेपी जॉइन कर सकते है और इस बारे में काफी लंबे समय से बात चल रही है। उन्होंने कहा, 'इस मुद्दे पर काफी लंबे पर काफी वक्त से बात चल रही है, हालांकि इस पर कोई फैसला धोनी के संन्यास के बाद ही लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, 'धोनी मेरे परिचित हैं, वह विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी हैं और उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने की कोशिशें जारी हैं।' लोकसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने अपने 'संपर्क फॉर समर्थन' कार्यक्रम के दौरान मुलाकात की थी।धोनी के गृहराज्य झारखंड में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
ऐसी भी अटकलें हैं कि धोनी आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी हो सकते हैं। बता दें कि महेंद्र सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं, जिनके रहते टीम इंडिया ने वनडे ही नहीं बल्कि तीनों फोरमेट में अपनी पहचान बनाई थी।