बॉलीवुड फैंस के लिए एक और बुरी खबर आ रही है। शाहरुख खान की फिल्म फैन में नजर आ चुकीं अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा को पैरालाइसिस स्ट्रोक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर का दाहिना हिस्सा काम नहीं कर रहा है।
शिखा के मैनेजर अश्विनी शुक्ल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, 'शिखा मल्होत्रा आज फिर एक बार हॉस्पिटल में, कोविड से जंग जीतने के एक महीने के बाद 10 दिसंबर की देर रात पैरालाइसिस स्ट्रोक के चलते अस्पताल में एडमिट। बात करने में पूर्णतया असक्षम। उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थनाएं।'
शिखा मल्होत्रा अभिनेत्री होने के साथ-साथ एक सर्टिफाइड नर्स भी हैं। कोरोना महामारी में उन्होंने मुंबई के जोगेश्वरी स्थित 'हिंदू हृदय सम्राट ट्रोमा सेंटर' में एक नर्स के तौर पर मरीजों की सेवा की थी। इस बात के लिए उनकी काफी तारीफ हुई थी। मरीजों की सेवा करते हुए शिखा खुद भी कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं। दो अक्टूबर को उन्होंने इस बात की जानकारी दी थी। 20 दिन बाद यानि 22 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई थी।