अम्बेडकरनगर। 21 जनवरी से 20 फरवरी तक चलने वाले सड़क सुरक्षा माह में परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा सम्बन्धी नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनसे इनका पालन करने की अपील भी की जा रही है।
इसी क्रम में आगामी 11 फरवरी 2021 को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय प्रांगण में अपरान्ह 1 बजे दिव्यांगजनों की समस्याओं के निस्तारण हेतु विशेष कैम्प का आयोजन किया जायेगा। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस-विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि इस विशेष कैम्प में दिव्यांगजन के लाइसेन्स व उनके हेतु विशेष रूप से बनाये गये अनुकूलित वाहनों के पंजीयन से सम्बन्धित समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जायेगा।
बताया गया कि उक्त कैम्प में पंजीकृत होने वाले दिव्यांगजनों का पोर्टल पर अप्वाइंटमेन्ट प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा। दिव्यांगजन को लाइसेन्स प्राप्ति एवं वाहन पंजीकरण हेतु निर्धारित प्रक्रिया से अवगत भी कराया जायेगा तथा उनकी जानकारी के लिए उनको प्रदान की जाने वाली विभागीय सुविधाओं के बारे में 1 बोर्ड स्थाई रूप से डिस्प्ले किया जायेगा। इसके साथ ही इस कैम्प में दिव्यांगजनों को परिवहन निगम की बसों में मिलने वाली रियायतों/सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जायेगी।