जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण: दलालों पर प्रशासन की सख्ती

जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण: दलालों पर प्रशासन की सख्ती




अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में एक अवैध पैथोलॉजी लैब के संचालक और एक महिला दलाल को हिरासत में लिया गया। दोनों को अकबरपुर कोतवाली भेजा गया और उनके खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। डीएम के निर्देश पर बिना लाइसेंस चल रही संबंधित पैथोलॉजी लैब को भी सील कर दिया गया।


भ्रष्टाचार और मनमानी रोकने के लिए बलिया और अन्य जिलों में हो रही छापेमारी के क्रम में जिला प्रशासन ने अंबेडकरनगर के जिला अस्पताल में दलालों की पकड़-धकड़ के लिए शनिवार सुबह अभियान चलाया। डीएम अविनाश सिंह ने इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त के नेतृत्व में चार एसडीएम और छह अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।


सुबह साढ़े दस बजे के करीब अधिकारी अस्पताल पहुंचे और अलग-अलग काउंटरों की ओर बढ़े। कुछ अधिकारी पर्ची कटाने लगे तो कुछ तीमारदार बनकर लैब में पहुंच गए। एडीएम ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एडीएम ने कई मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की और एक्सरे रूम, लैब, सीटी स्कैन कक्ष तथा वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से कहा कि अगर किसी ने इलाज के नाम पर अवैध राशि की मांग की, तो तुरंत अधिकारियों को सूचित करें।


छापे के दौरान टीम ने एक निजी पैथोलॉजी लैब के संचालक खुर्शीद को गिरफ्तार किया, जिसकी शिकायतें पहले से ही प्रशासन को मिल रही थीं। उसे पुलिस हिरासत में लेकर अकबरपुर कोतवाली भेज दिया गया। इसी दौरान, एक महिला दलाल कंचन, जो निजी अस्पताल और पैथोलॉजी के लिए काम करती थी, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


देर शाम जिला प्रशासन के निर्देश पर सीएमएस डॉ. ओम प्रकाश ने हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।


इसके बाद डीएम ने एक और कमेटी गठित की, जिसमें एसडीएम भरत शुक्ल, डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा और सीएचसी अकबरपुर प्रभारी डॉ. मार्कंडेय शामिल थे। इस टीम ने पकड़े गए संचालक खुर्शीद की भारत पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया, जहां कागजात नहीं मिलने पर लैब को सील कर दिया गया।


एडीएम के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अस्पताल परिसर में कुछ कर्मचारियों ने निर्धारित ड्रेस नहीं पहनी थी। उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई और चेतावनी दी गई कि दोबारा निरीक्षण में बिना ड्रेस के पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के बाद एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त ने कहा, "मरीजों का हित सर्वोपरि है। कुछ स्थानों पर सफाई के निर्देश दिए गए हैं और सभी कर्मचारियों को ड्रेस में आने को कहा गया है। बाहरी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।"

Post a Comment

أحدث أقدم